जब अपराधी जेल में या प्रदेश के बाहर चले गए हैं तो फिर अपराध कहां से और कौन कर रहा हैं ? अखिलेश

जब अपराधी जेल में या प्रदेश के बाहर चले गए हैं तो फिर अपराध कहां से और कौन कर रहा हैं ? अखिलेश

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास ठप्प है। जनता के हित में एक भी योजना नहीं लागू हुई है। समाजवादी सरकार ने जो योजनाएं शुरू की थी वे भी बर्बाद हो गई है। समाजवादी सरकार के समय के कामों को ही भाजपा सरकार अपनी उपलब्धि बता रही है। उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास बस यही भाजपा सरकार का उल्लेखनीय काम है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आ गई है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं न होती हों। मुख्यमंत्री जी ने सत्ता सम्हालते ही दावा किया था कि उनके राज में अपराधी या तो जेल में होंगे या प्रदेश छोड़कर चले जाएंगे। हकीकत में सब कुछ उल्टा नज़र आता है। महामहिम राज्यपाल जी पहले समाजवादी सरकार के समय खूब चिट्ठियां लिखते थें अब भाजपा सरकार के दावों का ही समर्थन कर रहे हैं। जब अपराधी जेल में या प्रदेश के बाहर चले गए हैं तो फिर अपराध कहां से और कौन कर रहा हैं? राजभवन को इसकी भी जवाबदेही सरकार से लेनी चाहिए।

भाजपा सरकार ने दो वर्ष में ही पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। अपराध नियंत्रण के लिए समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 की व्यवस्था की थी जिसे भाजपा ने निरर्थक बना दिया। इसके तहत कुछ मिनटों में ही अपराध स्थल पर पुलिस पहुंच जाती। इस व्यवस्था की प्रशंसा विदेशों में भी हुई थी। इस तरह महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन की व्यवस्था थी। अब कमिश्नरी सिस्टम से कैसे कानून व्यवस्था लागू हो सकेगी? अपराध नियंत्रण के लिए भाजपा सरकार में न तो क्षमता है और नहीं इच्छाशक्ति है।

यादव जी ने कहा कि भाजपा सरकार की विफलताएं जगजाहिर हैं। इसकी दीवारें दरक रही हैं। जनता में भारी असंतोष है। लोग बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब उन्हें वोट से चोट करने का मौका मिलेगा। वह दिन भी अब दूर नहीं है। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं। जनता तब नया प्रधानमंत्री चुनेगी और भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।

Spread the love